विराट कोहली ने रांची वनडे में अपने वनडे करियर का 52वां शतक जड़ा। शतक जड़ने के बाद कोहली ने हवा में उछलकर जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं, कोहली के शतक के बाद कोच गौतम गंभीर का रिएक्शन भी सामने आया है।
गौतम गंभीर ने विराट कोहली को गले लगाया
गौतम गंभीर ने विराट कोहली को गले लगाया। कोहली जब 135 रन बनाकर पवेलियन पहुँचे, तो गंभीर ने कोहली को गले लगा लिया। गंभीर का यह रिएक्शन वायरल हो रहा है। वहीं, कोहली के शतक पर रोहित शर्मा का रिएक्शन भी सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कोहली का शतक देखकर रोहित उत्साहित हो गए और खड़े होकर ताली बजाते नजर आए।
विराट कोहली ने शतक जड़कर एक बार फिर वनडे में अपना दबदबा दिखाया है। यह कोहली का 52वां वनडे शतक है। उन्होंने 102 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। कोहली 120 गेंदों में 7 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 135 रन बनाकर आउट हुए। इस शतक के साथ, विराट कोहली ने वनडे फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज़्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड बना लिया है। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 32वें मैच की 30वीं पारी में अपना छठा शतक लगाया। उन्होंने 8 अर्धशतक भी लगाए हैं। कोहली के अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में 1,639 रन हो गए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 160 रन है।
विराट ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा
विराट ने सचिन तेंदुलकर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को पीछे छोड़ दिया। सचिन और वार्नर दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में पांच-पांच शतक लगाए हैं। सचिन ने 1991 से 2011 के बीच 57 मैचों की 57 पारियों में 2,001 रन बनाए, जिसमें पांच शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। तेंदुलकर ने अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी (नाबाद 200 रन) भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही खेली थी। यह दोहरा शतक सचिन के अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर का पहला दोहरा शतक था।
डेविड वार्नर ने 2009 से 2023 के बीच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 वनडे मैचों की 30 पारियों में 1,255 रन बनाए। इसमें 5 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। विराट कोहली वनडे प्रारूप में सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं, उनके बाद सचिन तेंदुलकर (49 शतक) और रोहित शर्मा (33 शतक) का नंबर आता है।…