रतलाम / सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज: कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने पड़ाव क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Saroj kanwar
2 Min Read

रतलाम, 31 मार्च(इ खबर टुडे)। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में बनने वाले होल्डिंग एरिया (पड़ाव क्षेत्र) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, भोजन, बिजली और शौचालय जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं।

कलेक्टर ने उज्जैन की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले के विभिन्न स्थानों पर पड़ाव क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए। इन क्षेत्रों की नियमित निगरानी के लिए एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित सभी प्रमुख सड़कों की कलर कोडिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर रोड सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी कलेक्टर ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने पड़ाव क्षेत्रों के आसपास पुलिस थानों और अस्पतालों की मैपिंग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में 5 से 10 मिनट के भीतर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन के निर्देशानुसार समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *