युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के नगर आगमन पर युवा नेताओं में शक्तिप्रदर्शन, स्वागत मंचों से नागरिक हुए परेशान

Saroj kanwar
4 Min Read

रतलाम,27 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के रतलाम आगमन पर युवा मोर्चा के दावेदारों द्वारा किए गए शक्ति प्रदर्शन से शहर की व्यवस्था अस्तव्यस्त होती रही। स्वागत मंचों के कारण कई प्रमुख मार्गो का यातायात बाधित होता रहा और नागरिकों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पडा। हांलाकि प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने नागरिकों को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर पहली बार रतलाम प्रवास पर आए थे। युवा मोर्चा के वर्तमान जिलाध्यक्ष विप्लव जैन का कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब जिले में युवा मोर्चा के नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति होना है। इसी के चलते जिले में कई दावेदार सक्रिय है। प्रदेश अध्यक्ष का रतलाम आगमन युवा मोर्चा के दावेदारों के लिए शक्ति प्रदर्शन का अच्छा मौका था। इसी के चलते बीते कई दिनों से शहर में होर्डिंग बैनर की भरमार हो गई थी।

युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर अनेक युवा नेताओँ ने अपने अपने नाम के ढेरों होर्डिंग बैनर लगाकर पूरे शहर को पाट दिया था। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष के रतलाम आगमन से एक दिन पहले यानी शुक्रवार से ही इन दावेदारों ने प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारियां शुरु कर दी थी। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आगमन मार्ग में कई बडे बडे स्वागत मंच लगाए गए थे। 

फौव्वारा चौक,गीता मन्दिर,दो बत्ती घोडा चौराहा,न्यू रोड जैसी तमाम सडक़ों पर शुक्रवार रात से ही स्वागत मंच तैयार किए जा रहे थे। गीता मन्दिर और दो बत्ती चौराहे पर लगाए गए स्वागत मंच इतने बडे आकार के थे,कि उन्होने पूरी सडक़ ही घेर ली थी। इसका नतीजा ये हुए कि शनिवार सुबह से ही इन सडक़ों पर बार बार जाम लगने लगे थे। जब प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रतलाम में पंहुचा तो काफिले के साथ चल रहे वाहनों और स्वागत मंचो के चलते सड़क़ें पूरी तरह जाम हो गई।

युवा मोर्चा के दावेदारों ने प्रदेश अध्यक्ष पर फूलों की बरसात करने के लिए कई सारे जेसीबी वाहन भी इन स्वागत मंचों पर तैनात कर रखे थे। इसका परिणाम यह हुआ कि इन सडक़ों से गुजरने वाले नागरिकों को काफी समय तक जाम में फंसे रहना पडा। इन स्वागत मंचों पर सुबह से तेज आवाज में लाउड स्पीकरों से देशभक्ति गीत बजाए जाते रहे। बेहद तेज आवाज में बजाए जा रहे इन गीतों से भी लोगों को काफी असुविधा हुई।

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने कुछ ही दिनों पहले शहर में प्रतिबन्धात्मक आदेश जारी कर इस प्रकार के आयोजनों पर रोक लगाई थी,लेकिन भाजयुमो के इस आयोजन के चलते प्रशासन का यह प्रतिबन्धात्मक आदेश बेअसर रहा और पुलिस प्रशासन भी असहाय नजर आया। युवा मोर्चा दावेदारों के इस शक्ति प्रदर्शन से स्थानीय स्तर पर युवा मोर्चा की छबि को जहां धक्का लगा,वहीं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष को भी खेद व्यक्त करना पड गया। प्रेस वार्ता के दौरान इस सम्बन्ध में पूछे गए प्रश्नों से वे काफी असहज नजर आए।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *