यशस्वी जायसवाल रविवार, 28 दिसंबर को 24 साल के हो गए। यशस्वी को 2026 आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया है। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए उनके चयन की संभावना है।
कुछ दिन पहले यशस्वी जायसवाल को फूड पॉइजनिंग हो गई थी। फूड पॉइजनिंग के कारण वह मुंबई के लिए 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी के पहले तीन मैच नहीं खेल पाए थे। अब वह पूरी तरह से फिट हैं और 31 दिसंबर को गोवा के खिलाफ मैच खेलेंगे। यशस्वी ने अपना 24वां जन्मदिन अपने माता-पिता के साथ मनाया। जन्मदिन का जश्न नागपुर के राजस्थान रॉयल्स (आरआर) हाई परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित किया गया। यशस्वी ने केक काटा और फिर अपने माता-पिता के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। यशस्वी जायसवाल का जन्म 28 दिसंबर, 2001 को उत्तर प्रदेश के एक छोटे से कस्बे में हुआ था।
उस समय किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह बच्चा एक दिन भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन जाएगा। यशस्वी का बचपन कठिनाइयों से भरा था। महज 10 साल की उम्र में ही वह अपना घर छोड़कर मुंबई चले गए, अपने सपने को पूरा करने के लिए। वहां उन्होंने रातें आज़ाद मैदान के पास एक तंबू में बिताईं। गुजारा करने के लिए वह कभी डेयरी फार्म में काम करते थे तो कभी पानी पूरी बेचते थे। जाने-माने कोच ज्वाला सिंह ने यशस्वी जायसवाल की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें अपने मार्गदर्शन में ले लिया।
2020 अंडर-19 विश्व कप में वह टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे, हालांकि भारत फाइनल हार गया था। जायसवाल को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में राजस्थान रॉयल्स ने मौका दिया और 2023 सीज़न में उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में सबसे तेज अर्धशतक बनाकर इतिहास रच दिया। उसी साल उन्हें ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार भी मिला। 2023 में ही यशस्वी ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू मैच में 171 रनों की शानदार पारी खेली।
यशस्वी जायसवाल ने इस फॉर्मेट में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और जमकर रन बनाए। वे 2024 टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। आज 24 साल की उम्र में यशस्वी शानदार फॉर्म में हैं। टेस्ट क्रिकेट में वे रनों की मशीन बन चुके हैं और आईपीएल में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हैं।