मोदीजी ने जो काम किए, वो दुनिया का कोई नेता नहीं कर पाया – प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह

Saroj kanwar
3 Min Read

रतलाम, 16 सितम्बर(इ खबर टुडे)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर बदनावर के समीप भैंसोला में होने वाले अमृत महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा की कामकाजी बैठक ली। इसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं से मोदी जी के जन्मदिवस पर अधिक से अधिक उपस्थित होने का आव्हान किया और कहा कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी जी ने जो काम किए, वो दुनिया का कोई नेता नहीं कर पाया है। 

बैठक में कार्यक्रम समन्वयक एवं एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप, संभाग प्रभारी जीतू जिराती, विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, मथुरालाल डामर, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, महामंत्री निर्मल कटारिया, संगीता चारेल मंचासीन रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बैठक में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मध्यप्रदेश का यह सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री जी अपने अमृत महोत्सव पर ‘पीएम मित्र पार्क’ की सौगात देने यहां आ रहे है। वे बदनावर के भैंसोला से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत भी करेंगे। मोदीजी वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए कार्य कर रहे है। उनके प्रयासों से 2040 तक भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा और 2047 तक 50 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचेगा। मोदीजी ने देखते ही देखते सब कुछ बदल दिया है। पहले अमेरिका भारत का फोन नहीं उठाता था, और आज भारत अमेरिका का फोन नहीं उठा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि भैंसोला में 2100 एकड़ क्षेत्र में ‘पीएम मित्र पार्क’ बनेगा। इससे 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा और 6 लाख किसान लाभान्वित होंगे। दुनिया में भारत का वर्चस्व स्थापित करने वाले मोदीजी के जन्मदिवस को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। इसी दिन से ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ की शुरूआत भी होगी। भाजपा कार्यकर्ता सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता करे।

आरंभ में संभाग प्रभारी जीतू जिराती ने अमृत महोत्सव के समन्वयक एवं एमएसएमई मंत्री श्री काश्यप के नेतृत्व में भैंसोला ग्राम में की जा रही तैयारियों पर प्रकाश डाला और कहा कि इतनी विहंगम व्यवस्थाएं देखकर लगता है कि भाजपा मोदी जी के जन्मदिवस को पर्व के रूप में मना रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि रतलाम जिले से अमृत महोत्सव में 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। इसके लिए 734 तूफान जीप, 84 बसें और 150 से अधिक वाहनों का उपयोग होगा। बैठक में भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन के नेतृत्व में होने वाली ‘नमो युवा रन’ के फोल्डर का विमोचन किया गया। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष गौरव मूणत, महामंत्री रविन्द्र पाटीदार आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया। आभार जिला महामंत्री संगीता चारेल ने माना।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *