MP News: जिला अस्पताल को एनक्यूएएस और मुस्कान सर्टिफिकेशन मिलने के बाद अब 21 लाख 70 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई है, जो एक सप्ताह में खाते में ट्रांसफर हो जाएगी। इस राशि से मरीजों की सुविधाएं बेहतर की जाएंगी। विशेष रूप से माताओं और बच्चों के लिए इंतजाम किए जाएंगे। अस्पताल प्रबंधन ने प्लान तैयार कर लिया है, जिसमें बच्चों के लिए झूलाघर और खेलने का एरिया बनाया जाएगा।
यह अस्पताल न केवल स्थानीय बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मरीजों का भी इलाज करता है। अस्पताल में 300 बिस्तरों की सुविधा होगी, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। मुस्कान और एनक्यूएएस के सर्टिफिकेशन के बाद यह सुविधा सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा 16 विभागों के कर्मचारियों को उनके काम के आधार पर 25 प्रतिशत राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी।
इसमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारी शामिल होंगे। कुल 5 लाख रुपए इन कर्मचारियों में बांटे जाएंगे। साथ ही हर महीने उत्कृष्ट काम करने वालों को 500 रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।महिला और शिशु स्वास्थ्य को लेकर कुल राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा खर्च होगा। हर वार्ड को प्राइवेट जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। मैटरनिटी वार्ड में पर्दे लगाए जाएंगे और चिल्ड्रन वार्ड में खिलौने व झूले लगाए जाएंगे ताकि बच्चे इलाज के दौरान सहज महसूस करें।