मध्य प्रदेश के इस गांव में बकरे के लालच में पकड़ा गया चौथा मगरमच्छ

Saroj kanwar
2 Min Read

MP News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कनिया घाट पटी गांव से गुजरने वाली ब्यारमा नदी में मगरमच्छों का आतंक बना हुआ है। शनिवार सुबह वन विभाग ने इसी नदी से एक और मगरमच्छ को पकड़ लिया, जो करीब 7 फीट लंबा था। इस तरह 13 दिनों में अब तक चार मगरमच्छ पकड़े जा चुके हैं।

11 जुलाई को इसी नदी घाट पर पानी भरने गई एक महिला को मगरमच्छ खींच ले गया था। कुछ देर बाद महिला का शव झाड़ियों में मिला। इसके बाद से ही गांव में डर का माहौल है। वन विभाग ने नदी किनारे पिंजरे लगाकर मगरमच्छ पकड़ने की कार्रवाई शुरू की थी। 21, 25 और 29 जुलाई को तीन मगरमच्छ पहले ही पकड़े जा चुके थे।

चौथा मगरमच्छ शनिवार को तब फंसा जब उसे पिंजरे में रखे गए मृत बकरे का लालच दिया गया। खास बात यह है कि गांव के लोग अब खुद चंदा कर शिकार (मृत बकरा) खरीद कर वन विभाग को दे रहे हैं, ताकि जानलेवा मगरमच्छों को पकड़ा जा सके।

ग्रामीणों की मांग है कि महिला पर हमला करने वाला वही मगरमच्छ पकड़ा जाए। हालांकि रेंजर विक्रम चौधरी के मुताबिक, यह पहचान कर पाना मुश्किल है कि हमला किस मगरमच्छ ने किया, क्योंकि सभी मगरमच्छ एक जैसे होते हैं और उनकी संख्या की कोई गिनती नहीं की गई है। पकड़े गए मगरमच्छ को भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भेजा जा रहा है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *