बिहार चुनाव 2025 – बिहार में पहले चरण के मतदान के दौरान लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के एक गाँव में भारी हंगामा हुआ। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को देखते ही कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। भीड़ ने उनके वाहन पर पथराव करते हुए हमला कर दिया। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को तितर-बितर किया। उपमुख्यमंत्री ने पथराव के लिए राजद कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया।
विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि लखीसराय में बूथ संख्या 404 और 405 पर राजद कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया। उन्होंने कहा कि राजद कार्यकर्ता निष्पक्ष चुनाव में बाधा डाल रहे हैं और उनकी सुरक्षा को भी खतरा है।
इस दौरान उन्होंने राजद कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके काफिले पर गोबर भी फेंका गया। राजद मानसिकता वाले लोग ऐसी गतिविधियों में शामिल हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में कुछ लोग सिन्हा के काफिले को रोककर नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल
बिहार चुनाव को लेकर सुबह से ही कई इलाकों में तनाव व्याप्त है। एक वीडियो में विजय सिन्हा के काफिले पर लोग गोबर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। सिन्हा ने बताया कि उनके काफिले पर पथराव भी किया गया। सिन्हा लखीसराय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और बतौर उम्मीदवार क्षेत्र का दौरा कर रहे थे।
यह घटना लखीसराय के खोरियारी गाँव में हुई। सिन्हा ने बताया कि जब वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के खोरियारी गाँव जा रहे थे, तो राजद समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेर ली, उन पर चप्पलें, पत्थर और गोबर फेंके और “मुर्दाबाद” के नारे लगाए।