Chhatarpur News: चांचौड़ा स्थित बाघ बागेश्वर मंदिर में दो चोरों ने दान पेटी से रुपए चुरा लिए। घटना सोमवार की रात लगभग 2 बजकर 12 मिनट पर हुई। चोरों ने अपने चेहरे नकाब से ढके हुए थे और हाथ में लोहे का रॉड लेकर मंदिर के गर्भगृह में घुसे।
दो मिनट के अंदर उन्होंने दान पेटी की नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मंदिर में रात करीब डेढ़ बजे तक धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था और लोग मौजूद थे। जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और लोग रवाना हुए, चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के समय मंदिर का चौकीदार भी उपस्थित नहीं था। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने चोरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि मंदिर में श्रावण मास और महाशिवरात्रि जैसे अवसरों पर दान राशि अधिक होती है, जिससे दान पात्र में बड़ी रकम होती है।
थाना प्रभारी प्रमोद साहू ने बताया कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। यह इस साल मंदिर में हुई दूसरी चोरी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।