देवरानी को डायन समझ कर जेठानी ने उतारा मौत के घाट,रावटी में हुई महिला की हत्या में आरोपी जेठानी और उसके दो पुत्र गिरफ्तार

Saroj kanwar
4 Min Read

रतलाम,27 सितम्बर (इ खबरटुडे)। एक ओर तो मानव मंगल पर यान भेज रहा है लेकिन कई ग्र्रामीण इलाकों मेंं आज भी अंधविश्वास का बोलबाला है। जिले के रावटी में बीते बुधवार को हुई एक महिला की हत्या के मामले में यही सामने आया। मृतिका की हत्या उसी की जेठानी ने अपने दो पुत्रो के साथ मिलकर की थी। आरोपी महिला को शक था कि उसकी देवरानी डायन है और उसकी वजह से परिवार में कई लोगों की मौत हो गई है।

रावटी थाना क्षेत्र के ग्र्राम भीमपुरा में बीते बुधवार को नानीबाई उर्फ नर्मदाबाई पति कैलाश भूरिया 48 की कुल्हाडी से वार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या की सूचना मिलते ही रावटी पुलिस ने मौके पर पंहुच कर हत्या का प्रकरण दर्ज किया और तत्परता से जांच करते हुए मात्र 24 घण्टों के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आज प्रेस वार्ता में पुलिस को मिली इस सफलता की विस्तार से जानकारी दी। एसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर उन्होने एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन और सैलाना एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन इस हत्याकाण्ड को सुलझाने के लिए किया था।

वरिष्ठ अधिकारियों, एफएसएल टीम, सायबर टीम, डॉग स्क्वाड सहित पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन किया गया। जमीनी पुलिसिंग, घटना स्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों, परिजनों व संदेहियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आए कि मृतिका की जेठानी धन्नाबाई पति बद्री भूरिया, एवं उसके पुत्र शंकर भूरिया एवं बापु भूरिया ने अंधविश्वास वश मृतिका को ‘डाकन’ (डायन) मानकर षड्यंत्रपूर्वक उसकी हत्या की। आरोपियों ने दिनांक 24.09.2025 की रात्रि मृतिका को घर में अकेला पाकर कुल्हाड़ी एवं लोहे की पाइप से वार कर हत्या कर दी तथा शव को छत से नीचे फेंक दिया।

अन्धविश्वास के कारण की हत्या 

एसपी अमित कुमार ने बताया कि  मुख्य आरोपी धन्नाबाई के पति और ससुर की लगातार बीमारियों के चलते  मृत्यु हो गई थी। इसके अलावा धन्नाबाई के पुत्र शंकर की दो पत्नियों की भी एक के बाद एक मौत हो गई थी। शंकर के एक  वर्षीय बच्चे की भी बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में लगातार हो रही इन मौतों के लिए आरोपियों ने मृतिका को जिम्मेदार ठहराया।धन्नाबाई यह मानने लगी थी कि उसकी देवरानी नानीबाई डायन है और उसी की वजह से परिवार में लगातार मौते हो रही है।  अंधविश्वास एवं तंत्र-मंत्र की भ्रांत धारणाओं के चलते आरोपियों ने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।

जब्त सामग्री- हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं लोहे की पाइप, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े

गिरफ्तार आरोपी-

1. शंकर पिता बद्री भूरिया, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा

2. बापु पिता बद्री भूरिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा

3. धन्नाबाई पति बद्री भूरिया, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा

सराहनीय भूमिका

इस अंधे क़त्ल की गुत्थी सुलझाने में  निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलाई, थाना प्रभारी रावटी, निरीक्षक अमित कोरी, पुलिस लाइन रतलाम, निरीक्षक अर्जुन सेमलिया (थाना प्रभारी सरवन), उनि. एम.आई. खान, उनि. पी.एस. हटिला, उनि. निशा चौबे, सउनि. गणेश शर्मा, प्र.आर. बद्रीलाल चौधरी, प्र.आर. देवेन्द्र गामड, प्र.आर. आतीश धानक, आर. राहुल मेडा, आर. महेश मैडा, आर. अवधेश परमार, आर. राहुल चौहान, आर. निलेश कटारा, आर. सुरेन्द्र राठौर, आर. बहादुर डांगी, सायबर सेल से प्र आर मनमोहन शर्मा, प्र आर लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आर विपुल भावसार, मयंक व्यास, तुषार सिसोदिया एवं एफएसएल टीम की सराहनीय भूमिका रही।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *