वैभव सूर्यवंशी जब भी मैदान पर उतरते हैं, कोई न कोई रिकॉर्ड जरूर तोड़ते हैं। अब कप्तान के तौर पर अपने पहले ही मैच में उन्होंने एक और विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। वैभव सूर्यवंशी वनडे मैच जीतने वाले सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि बेनोनी में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ पहले वनडे में अपनी टीम को जीत दिलाकर हासिल की।
कप्तान के तौर पर पहला मैच और वैभव सूर्यवंशी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
बेनोनी में भारत की जीत के साथ, वैभव सूर्यवंशी 14 साल की उम्र में युवा वनडे जीतने वाले पहले कप्तान बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के अहमद शहजाद का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपना पहला मैच 15 साल और 141 दिन की उम्र में जीता था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवरों में 300 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 11 रन ही बना सके, लेकिन हरवंश पंगलिया के 93 और अंब्रिस के 65 रनों की बदौलत भारत ने एक मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जवाब में, दक्षिण अफ्रीका 27.4 ओवरों में मात्र 148 रन ही बना सकी। मैच का फैसला डकवर्थ-लुईस पद्धति से हुआ और भारत ने 25 रनों से जीत हासिल की। बेनोनी में बारिश और तेज बिजली गिरने के कारण मैच रोकना पड़ा। खिलाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बाद में मैच रोक दिया गया और अंततः भारत ने जीत दर्ज की। अगला मैच 5 जनवरी को होगा।
कप्तान के रूप में अपनी पहली पारी में वैभव 12 गेंदों के भीतर ही आउट हो गए, उन्होंने दो चौकों सहित मात्र 11 रन बनाए। वह भारतीय पारी के सातवें ओवर की पहली गेंद पर आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। इससे पहले उन्होंने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज का विकेट गंवा दिया था।
दक्षिण अफ्रीका के बेनोनी में खेले गए सीरीज के पहले मैच में वैभव ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया का शीर्ष क्रम पूरी तरह से फ्लॉप रहा। जॉर्ज और वैभव के बाद विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू और वेदांत त्रिवेदी ने कुछ देर के लिए पारी को संभाला और 33 रन की साझेदारी की। हालांकि, कुंडू 14वें ओवर में रन आउट हो गए, जिससे साझेदारी टूट गई। इसका असर साफ दिखाई दिया और वेदांत त्रिवेदी भी अगले ही ओवर में पवेलियन लौट गए।