छतरपुर में तीन साल बीते, संकल्प पत्र के बड़े प्रोजेक्ट अधूरे, जनता परेशान 

Saroj kanwar
2 Min Read

Chhatarpur News: छतरपुर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भाजपा की ज्योति सुरेंद्र चौरसिया को 12 अगस्त 2022 को तीन साल हो गए। चुनाव से पहले भाजपा ने 15 बिंदुओं वाला संकल्प पत्र जारी किया था, जिसमें शहर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल थे।

इनमें आईएसबीटी निर्माण, सीवर लाइन प्रोजेक्ट, डिवाइडर सड़कों का निर्माण, जलाशयों की सफाई, मेला ग्राउंड का विस्तार, पार्क और ओपन जिम, टैक्स में राहत और नगर की सफाई व्यवस्था सुधारने जैसे वादे थे।

तीन साल बीतने के बावजूद इन परियोजनाओं में से अधिकांश अभी तक शुरू नहीं हो सकीं। शहर में आईएसबीटी का निर्माण, सीवर लाइन डालने और प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर लगाने का काम अभी अधूरा है। नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यालय हमेशा बंद रहता है और जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।

अधिकारी और कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं, बिना कमीशन कोई काम नहीं हो रहा। शहर के वार्डों में आवारा मवेशी और कुत्तों का आतंक बढ़ा है, सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और कई जगह कचरे के ढेर लगे हैं।नगर पालिका में पार्षद और अधिकारी भी संकल्प पत्र में किए गए वादों पर खरे नहीं उतर पाए हैं।

नगर में जनता के लिए किए गए वादे केवल चुनावी झुनझुना बनकर रह गए हैं। निर्माण कार्यों में भी 20 से 22 फीसदी तक कमीशन की खबरें सामने आई हैं। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष सिर्फ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाने के लिए घर से निकलती हैं और शहर की वास्तविक स्थिति की परवाह नहीं करतीं।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। वर्तमान में सीवर प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया चल रही है और अन्य परियोजनाओं पर भी काम जल्द शुरू किया जाएगा।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *