India Post, EPFO: सार्वजनिक क्षेत्र का इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, EPFO पेंशनभोगियों को उनके घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएँ प्रदान करेगा। इसके लिए दोनों संगठनों के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस सहयोग के तहत, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) बैंकिंग उपकरणों से लैस 1.65 लाख से अधिक डाकघरों और तीन लाख डाक सेवा प्रदाताओं (डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक) के अपने व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाएगा। इन उपकरणों का उपयोग EPFO पेंशनभोगियों को अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में मदद करने के लिए चेहरे की पहचान तकनीक और ‘फिंगरप्रिंट’ बायोमेट्रिक सत्यापन की डिजिटल प्रक्रिया के लिए किया जाता है।
हर साल सत्यापन आवश्यक
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, “इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के तहत अपने पेंशनभोगियों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएँ प्रदान करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।” डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) पेंशनभोगियों को हर साल कार्यालय जाने के बजाय अपने जीवन प्रमाण पत्र को ऑनलाइन सत्यापित कराने में मदद करता है। इससे उन्हें पारंपरिक कागज-आधारित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक शाखाओं या ईपीएफओ कार्यालयों में जाने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है।
2020 में शुरू की गई डोरस्टेप सेवा
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जारी करने में लगने वाले समय को कम करने हेतु आधार-सक्षम बायोमेट्रिक सत्यापन का उपयोग करके जीवन प्रमाण पत्र बनाने हेतु 2020 में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र डोरस्टेप सेवा शुरू की। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए, ईपीएफओ पेंशनभोगियों को अपने डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क करना होगा या अपने नजदीकी डाकघर में जाकर आधार से जुड़े चेहरे के प्रमाणीकरण या फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए आधार नंबर और पेंशन विवरण प्रदान करना होगा।